रामगढ़ में ईंट भट्टों की जांच तेज, दस्तावेज़ जमा करने की अंतिम तिथि 7 फरवरी निर्धारित
अशोक मुंडा, रामगढ़ (झारखंड)।जिले में संचालित ईंट भट्टों की वैधानिकता एवं संचालन से जुड़े दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया तेज हो गई है। उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक 18 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी, जिसके बाद ईंट भट्ठा संचालकों को दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए गए थे।
निर्देश के क्रम में 29 दिसंबर 2025 को कुल 36 भट्ठा संचालकों को नोटिस तामिला कराया गया तथा 2 जनवरी 2026 को अंचल अधिकारी, रामगढ़ के कार्यालय में संबंधित कागजात प्रस्तुत करने को कहा गया। इसके अनुपालन में केवल 7 भट्ठा संचालकों ने दस्तावेज जमा किए। इनमें सुरेश महतो (BSB Bricks), बसंत कुशवाहा (Jyoti Bricks), जगन्नाथ महतो (CMB Bricks), महेंद्र प्रसाद (Usha Bricks), विनोद कुमार साह (Baba Bricks), सतीश गुप्ता (Puja Bricks) और अजय सिंह उर्फ आजाद सिंह (Rupa Bricks) शामिल हैं।
प्रशासन द्वारा इन दस्तावेजों की जांच की प्रक्रिया जारी है। इसी बीच 24 जनवरी 2026 को पुनः आम इश्तेहार जारी किया गया। रामगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत चल रहे ईंट भट्टों का सत्यापन अंचल अमीन, राजस्व उपनिरीक्षक एवं अंचल निरीक्षक की टीम द्वारा कराया जा रहा है। 31 जनवरी 2026 तक कुल 26 ईंट भट्ठों का भौतिक सत्यापन पूरा कर लिया गया है। शेष भट्ठा संचालकों को व्यक्तिगत इश्तेहार जारी कर निर्देशित किया गया है कि वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेज 7 फरवरी 2026 तक अनिवार्य रूप से संबंधित कार्यालय में जमा करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में दस्तावेज जमा नहीं करने की स्थिति में संबंधित संचालकों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
