कवर्धा में ढाई करोड़ की साइबर ठगी: कृषि केंद्र संचालक ने 16 राज्यों में फैलाया जाल, 56 मामले दर्ज
कबीरधाम (छत्तीसगढ़): जिले के भोरमदेव थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज साइबर ठगी का मामला सामने आया है। भोरमदेव कृषि केंद्र के संचालक नामदेव साहू ने ICICI बैंक खाते के जरिए करीब 2.5 करोड़ रुपये की ठगी की। साइबर पुलिस की जांच में पता चला कि 2023-24 में इस खाते से असामान्य रूप से बड़ी राशि का लेनदेन हुआ, जो एक सामान्य व्यापारी की गतिविधियों से मेल नहीं खाता।
16 राज्यों में 70 लाख की ठगी
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि नामदेव साहू ने 16 राज्यों के लोगों से म्यूल अकाउंट के नाम पर खाते किराए में लेकर 70 लाख 27 हजार रुपये की साइबर ठगी की। कुल 56 मामले उसके खिलाफ दर्ज हैं। ठगी का शक शेष राशि पर भी है, क्योंकि कई पीड़ित जानकारी के अभाव, असहायता या शर्मिंदगी के कारण शिकायत दर्ज नहीं कर पाते।
इन राज्यों में फैला ठगी का नेटवर्क
आरोपी के खाते से आंध्रप्रदेश, बिहार, चंडीगढ़, दिल्ली, गोवा, गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तरप्रदेश और पश्चिम बंगाल जैसे 16 राज्यों में 2.5 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने सघन जांच के बाद भोरमदेव थाने में धारा 317(4) और 318(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि नामदेव साहू ने जानबूझकर अपने खाते को म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल कर अवैध कमाई की।
मास्टरमाइंड की तलाश
पुलिस अब नामदेव साहू के सहयोगी और कथित मास्टरमाइंड सत्यनारायण दुबे उर्फ सत्या की तलाश में है। साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है और ठगी के तौर-तरीकों की जांच जारी है। बता दें कि साहू के खिलाफ पहले भी लोहारा थाने में 1.90 करोड़ रुपये के गबन का मामला दर्ज है।
पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी के इस बड़े नेटवर्क को पूरी तरह उजागर करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।


