जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) की ब्लाक स्तरीय संगठनात्मक बैठक ग्राम भकलाई (महेश्वर ) में हुई सम्पन्न, प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी हुए शामिल
प्रदेश संवाददाता गेंदालाल माकोडे़।
धामनोद/धार। दिनांक 7 जुलाई 2026, जय आदिवासी युवा शक्ति (JAYS) की संगठनात्मक बैठक ग्राम पंचायत बबलाई तहसील महेश्वर जिला खरगोन में 6 जुलाई सोमवार को संपन्न हुई। समाज की एकता और अधिकारों की रक्षा पर हुआ मंथन, प्रदेश, जिला ब्लाक स्तरीय पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा साथी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत बनाना, सदस्यता अभियान को गति देना तथा आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए आगामी रणनीति तय करना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए JAYS के प्रदेश अध्यक्ष श्री भीम सिंह गिरवाल ने कहा कि जब भी आदिवासी समाज पर शोषण, अन्याय और अत्याचार होता है, तब सबसे पहले JAYS ही समाज के साथ खड़ा दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि कई राजनीतिक दलों के नेता केवल चुनाव के समय समाज के बीच आते हैं और अपने स्वार्थ के लिए राजनीति करते हैं। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज अनेक आदिवासी परिवारों के पास भूमि के सभी दस्तावेज होने के बावजूद उन्हें उनका अधिकार नहीं मिल रहा है।
जिला संरक्षक सुभाष भाई पटेल ने कहा कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि होना चाहिए। प्रत्येक माह ब्लॉक एवं जिला स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित हों, ताकि संगठन में एकता, संवाद और सक्रियता बनी रहे।
जिला संयोजक जागीराम बडोले ने कहा कि समाज को उपजातियों में बंटने के बजाय एकजुट रहना होगा। चुनाव के समय समाज को याद किया जाता है, इसलिए समाज को स्वयं जागरूक और संगठित होकर आगे बढ़ना होगा।
महेश्वर तहसील उपाध्यक्ष अर्जुन मोहरे ने बताया कि महेश्वर तहसील के अधिकांश गांवों में समितियों का गठन किया जा चुका है। अब गांव-गांव जाकर समितियों को सक्रिय किया जाएगा तथा सामाजिक विचारधारा को मजबूत करने का कार्य किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष सचिन सिसोदिया ने कहा कि समाज को आपसी मतभेद और राजनीतिक बहकावे से बचकर संगठन को मजबूत बनाना होगा। इसके लिए व्यापक सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक युवाओं को JAYS से जोड़ा जाएगा।भारत आदिवासी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष भीम सिंह वर्मा ने कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा जब सभी कार्यकर्ता समय का सम्मान करेंगे और किसी भी समस्या के समाधान तक संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने स्वार्थ से ऊपर उठकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।
तहसील कार्यकारी अध्यक्ष धारा सिंह भावरे ने कहा कि छोटी-छोटी बातों पर मतभेद पैदा करने के बजाय सभी को एकजुट होकर संगठन के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
राजेन्द्र सिंह पवार ने कहा कि संगठन की मजबूती आपसी विश्वास और समर्पण से आती है। समाज के लिए काम करने वाले प्रत्येक साथी का सम्मान होना चाहिए और जहां भी समाज को आवश्यकता होगी, JAYS पूरी मजबूती के साथ पहुंचेगा।
फूलचंद भाबर ने कहा कि संगठन में मातृशक्ति की भागीदारी बढ़ाना समय की आवश्यकता है। सदस्यता अभियान में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा समाज की आवाज और प्रभावी बनेगी।
महेश्वर तहसील अध्यक्ष जितेंद्र पटेल ने कहा कि सदस्यता अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। सभी सामाजिक समस्याओं का समाधान मिल-जुलकर किया जाएगा, जिससे संगठन मजबूत होगा और समाज की जमीन, सम्मान तथा बेटियों का भविष्य सुरक्षित रहेगा। उन्होंने मजदूरी के लिए पलायन करने वाले परिवारों के बच्चों, विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा प्रभावित होने के विषय पर भी गंभीरता से कार्य करने की बात कही।
कार्यक्रम का समापन -
ग्राम पंचायत गुजारमोहना के वरिष्ठ हरचंद पटेल दादा ने बैठक में उपस्थित सभी प्रदेश, जिला, ब्लॉक एवं तहसील स्तर के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवाओं का आभार व्यक्त किया।



