कन्नौद में दर्दनाक हादसा: उफनते नाले में बहे दो फाइनेंस कर्मियों के शव मिले, एक का शव 10 किमी दूर मिला...
प्रदेश संवाददाता महेश वारिवा।
देवास, कन्नौद/सतवास। क्षेत्र में हुई भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे में कन्नौद निवासी दो युवकों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कन्नौद के धर्मेंद्र सिंह और अमित शर्मा, जो फाइनेंस कंपनी से जुड़े बताए जा रहे हैं, संदिग्ध परिस्थितियों में तेज बहाव वाले नदी-नाले में बह गए थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीईआरएफ (SDRF) की टीम ने तलाश अभियान शुरू किया। इस दौरान एक युवक का शव ग्राम पीपलकोटा की नदी में मिला, जबकि दूसरे युवक का शव गोलपुरा डैम से बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि दोनों शव अलग-अलग स्थानों से मिले, जिनमें से एक शव घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर दूर मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही सतवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवक नदी के तेज बहाव में बह गए प्रतीत होते हैं, हालांकि उनके साथ वास्तव में क्या घटना हुई, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
इस दुखद घटना पर क्षेत्रीय विधायक आशीष शर्मा ने शोक व्यक्त करते हुए आमजन से वर्षा ऋतु में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा, "वर्षा ऋतु में सभी से विनम्र आग्रह है कि नदी, नालों, रपटों एवं पुल-पुलियाओं पर पानी होने की स्थिति में किसी भी प्रकार की जल्दबाजी न करें। आपका जीवन अमूल्य है, सावधानी ही सुरक्षा है।

