आदिवासी सहकारी शाख संस्था मर्यादित इंदौर की संचालक मंडल बैठक मांडव में संपन्न, कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए
निर्वाचन प्रक्रिया शुरू कराने, भवन फंड निर्माण एवं डिफॉल्टरों पर कानूनी कार्रवाई संबंधी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
मांडव (धार), 15 जून। प्रदेश संवाददाता गेंदालाल माकोड़े़।
आदिवासी सहकारी शाख संस्था मर्यादित इंदौर के संचालक मंडल की महत्वपूर्ण बैठक रविवार, 14 जून 2026 को शाखा कार्यालय मांडव में आयोजित की गई। बैठक में संस्था के विकास, वित्तीय सुदृढ़ीकरण एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि संस्था के निर्वाचन के पांच वर्ष पूर्ण होने पर निर्वाचन आयोग, भोपाल को निर्वाचन कराने हेतु ठहराव प्रस्ताव भेजा जाएगा, जिससे आयोग द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ की जा सके।
संचालक मंडल ने संस्था के स्वयं के भवन निर्माण हेतु विशेष भवन फंड बनाने का भी निर्णय लिया। इसके तहत प्रत्येक सदस्य से एकमुश्त 500 रुपये की अनिवार्य राशि ली जाएगी। साथ ही आज की तारीख के बाद खुलने वाले प्रत्येक नए खाते की प्रारंभिक राशि 2100 रुपये निर्धारित की गई है। पुराने खाताधारकों के खातों से 500 रुपये डेबिट कर भवन फंड में जमा किए जाएंगे।
बैठक में संस्था की बकाया वसूली को प्रभावी बनाने के लिए विशेष वसूली टीम गठित करने का निर्णय भी लिया गया। इसके अलावा डिफॉल्टर सदस्यों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू करने तथा कार्रवाई में होने वाला संपूर्ण खर्च संबंधित डिफॉल्टर से वसूलने का प्रस्ताव पारित किया गया।
संचालक मंडल ने यह भी निर्णय लिया कि जमानती ऋण (गारंटी लोन) प्रत्येक रविवार को आयोजित लोन समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर ही स्वीकृत किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त संस्था हित में अन्य महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए, जिन्हें नियमानुसार लागू किया जाएगा।
बैठक में लिए गए सभी प्रस्ताव संचालक मंडल द्वारा सर्वसम्मति से पारित किए गए।


