मात्र 48 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा, थाना खातेगांव पुलिस की प्रभावी कार्रवाई ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान
"हत्या को आत्महत्या दर्शाने का किया गया था प्रयास, महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार"
देवास। जिले के थाना खातेगांव पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर एक जघन्य अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की अहम भूमिका रही।
घटना का संक्षिप्त विवरण -
दिनांक 12 जनवरी 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि खातेगांव की ऊषा एवेन्यू कॉलोनी के मेन गेट के पास एक किशोरी का शव जली हुई अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी खातेगांव विक्रांत झांझोट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद मृतिका के छोटे भाई द्वारा शव की पहचान अपनी बड़ी बहन के रूप में की गई।
थाना खातेगांव में मर्ग क्रमांक 02/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर शव को पोस्टमार्टम हेतु शासकीय चिकित्सालय खातेगांव भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों के पैनल ने स्पष्ट किया कि पहले गला घोंटकर हत्या की गई, उसके बाद शव को जलाया गया। इस आधार पर थाना खातेगांव में अपराध क्रमांक 23/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित हुई विशेष टीम -
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोत द्वारा त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती सौम्या जैन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कन्नौद आदित्य तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विक्रांत झांझोट के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य, भौतिक साक्ष्य एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई।
CCTV फुटेज से आरोपी की पहचान सीसीटीवी फुटेज एवं विश्वसनीय मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही कान्हा उर्फ कन्हैया पिता स्व. कल्याण सिंह डाबर, उम्र 23 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11, नंदलालपुरा, मांडू जिला धार को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी भाभी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
वारदात का तरीका -
दिनांक 12 जनवरी 2026 को खातेगांव में हाट-बाजार होने के कारण अधिकांश पुरुष मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे और महिलाएं बाजार गई थीं। इसी दौरान आरोपी कान्हा अपनी भाभी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में था, जिसे मृतिका ने देख लिया। मृतिका द्वारा यह बात उजागर करने की आशंका पर आरोपी ने उसे धमकाया, परंतु उसके न मानने पर कुछ समय बाद जब मृतिका अपने टप्पर में अकेली थी, तो आरोपी ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद दोनों आरोपियों ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची। मृतिका के शव को कॉलोनी गेट के पास ले जाकर उस पर डीजल डालकर आग लगा दी, ताकि यह प्रतीत हो कि उसने स्वयं आत्महत्या की है। वारदात के बाद दोनों आरोपी सामान्य व्यवहार करते हुए बाजार चले गए।
गिरफ्तार आरोपी-
कान्हा उर्फ कन्हैया, पिता स्व. कल्याण सिंह डाबर, उम्र 23 वर्ष, निवासी वार्ड 11 नंदलालपुरा, मांडू जिला धार, एक महिला आरोपी (भाभी) दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
सराहनीय भूमिका-
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक विक्रांत झांझोट, उप निरीक्षक नरेन्द्र सिंह ठाकुर, अभिषेक सिंह सेंगर, सीमा परमार, रमेश पचलानिया, सउनि रमेश मुनिया, प्रआर जितेन्द्र तोमर, रविन्द्र सिंह तौमर, एसएफआर आनंद जाट, मआर पायल, रंजीता, आरक्षक गौरव सिंह तौमर, सोहन जाट सहित पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

