HEADLINE
Dark Mode
Large text article
📢 अपने बिज़नेस को 20,000+ विजिटर्स तक पहुँचाएं! द ट्राइबल पोस्ट – आपके ग्रोथ का भरोसेमंद साथी
📞 कॉल करें: 7697767059

रज के रंग में झूम उठा गागराई साहि, आदिवासी परंपरा के साथ हुआ अतिथियों का भव्य स्वागत

ढोल-मांदल की थाप पर गूंजा उत्सव, रज पर्व ने दिया सांस्कृतिक एकता और भाईचारे का संदेश

बड़बिल, संवाददाता सिंगराई चाम्पीया।

केन्दुझर जिले के जोड़़ा ब्लॉक अंतर्गत बोलानी पंचायत के हरमठ गांव स्थित गागराई साहि में गणपर्व रज उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। आदिवासी हो समाज समिति द्वारा आयोजित इस सांस्कृतिक आयोजन में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरा गांव रज पर्व की खुशियों में सराबोर नजर आया।


कार्यक्रम के दौरान ढोल, मांदल, नगाड़ा और अन्य पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज से वातावरण उत्सवमय हो उठा। आदिवासी परंपरा के अनुसार अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। समारोह में प्रसिद्ध भाजपा नेता चंद्र गुप्ता प्रसाद (डब्ल्यू भाई) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने रज झूले का फीता काटकर उत्सव का शुभारंभ किया।


वहीं, सम्मानित अतिथि के रूप में जोड़़ा ब्लॉक के सांसद प्रतिनिधि अग्नु चरण महांत सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर इसकी गरिमा बढ़ाई। इसके पश्चात आयोजित सभा में वक्ताओं ने रज पर्व की परंपरा, सामाजिक महत्व और ओड़िया संस्कृति के संरक्षण पर विस्तार से प्रकाश डाला।

वक्ताओं ने कहा कि रज पर्व केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज में भाईचारा, सांस्कृतिक चेतना और सामुदायिक एकता को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने और परंपराओं को संरक्षित रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

परंपरा और आधुनिकता के सुंदर समन्वय के बीच आयोजित इस रज उत्सव ने उपस्थित लोगों के मन में विशेष छाप छोड़ी। कार्यक्रम को सफल बनाने में गागराई साहि आदिवासी हो समाज समिति के सदस्य सुजन गागराई, दिलीप गागराई, अमरनाथ बेहरा, कांद्रा मुंडा, सुरेश मुंडा, समा मुंडा तथा विक्रम मुंडा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बड़ी संख्या में ग्रामीणों और समाजजनों की उपस्थिति में संपन्न हुआ यह रज उत्सव सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव और सामूहिक एकता का प्रेरणादायी संदेश देकर संपन्न हुआ।

Post a Comment