HEADLINE
Dark Mode
Large text article
📢 अपने बिज़नेस को 20,000+ विजिटर्स तक पहुँचाएं! द ट्राइबल पोस्ट – आपके ग्रोथ का भरोसेमंद साथी
📞 कॉल करें: 7697767059

मूंग खरीदी, खाद वितरण और बिजली संकट को लेकर किसान कांग्रेस का एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन

तीन सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन, मांगें पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी

संवाददाता : विश्राम सोलंकी

खातेगांव (देवास)। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को ब्लॉक किसान कांग्रेस ने खातेगांव स्थित एसडीएम कार्यालय का घेराव कर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान किसानों ने मूंग खरीदी, खाद वितरण व्यवस्था एवं बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का निराकरण करने की मांग की।


ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र के किसानों को वर्तमान में अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का आरोप है कि सरकार द्वारा प्रति किसान 100 क्विंटल मूंग खरीदी का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अपेक्षित मात्रा में खरीदी नहीं की जा रही है। साथ ही ई-टोकन व्यवस्था के तहत किसानों को यूरिया के साथ सुपर खाद लेने के लिए बाध्य किया जा रहा है, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।


किसान कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से तीन प्रमुख मांगें रखीं—

प्रति किसान 100 क्विंटल तक मूंग खरीदी सुनिश्चित की जाए। खाद वितरण की ई-टोकन व्यवस्था समाप्त की जाए। किसानों को प्रतिदिन 12 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए।

किसान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में खातेगांव में व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश बरड़ (खातेगांव), राहुल पटेल (कन्नौद), नारायण कुमावत (हरणगांव), नूर खां (अजनास), वरिष्ठ कांग्रेस नेता लक्ष्मीनारायण बंडावाला, गौतम बंटू गुजर, विश्वजीत सिंह चौहान, सौरभ माल्या (अजनास), अजय गुजर (हरणगांव), विजेंद्र पटेल सहित किसान कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Post a Comment