HEADLINE
Dark Mode
Large text article
📢 अपने बिज़नेस को 20,000+ विजिटर्स तक पहुँचाएं! द ट्राइबल पोस्ट – आपके ग्रोथ का भरोसेमंद साथी
📞 कॉल करें: 7697767059

आइनॉक्स विंड कंपनी पर आदिवासी अधिकारों व श्रम कानूनों के उल्लंघन का आरोप जयस ने 7 दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी

जिला संवाददाता रवि चौहान बड़वानी।  राजपुर तहसील के अंतर्गत ग्राम रेलवा खुर्द स्थित आइनॉक्स विंड कंपनी पर स्थानीय आदिवासी युवाओं को रोजगार से वंचित करने, श्रम कानूनों के उल्लंघन और संविधान की पाँचवीं अनुसूची की अवहेलना करने के गंभीर आरोप लगे हैं।


इन मुद्दों को लेकर जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) के नेतृत्व में सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

जयस संगठन का आरोप है कि पाँचवीं अनुसूचित क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद कंपनी द्वारा स्थानीय आदिवासी युवाओं को रोजगार नहीं दिया जा रहा है, जबकि बाहरी राज्यों से आए लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे क्षेत्र के स्थानीय युवाओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।

"10 से 12 घंटे काम, भुगतान मात्र 525 रुपये प्रतिदिन"

इस अवसर पर जयस की राष्ट्रीय प्रभारी सीमा वास्कले ने आरोप लगाया कि कंपनी में कार्यरत श्रमिकों से प्रतिदिन 10 से 12 घंटे तक काम लिया जा रहा है, जबकि भुगतान केवल 525 रुपये प्रतिदिन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ड्यूटी का निर्धारित समय 8 घंटे का है, इसके बावजूद अतिरिक्त कार्य का कोई ओवरटाइम भुगतान नहीं किया जा रहा। कई श्रमिकों को 2 से 3 माह से वेतन तक नहीं मिला है, जो न्यूनतम मजदूरी अधिनियम 1948 एवं श्रम संहिता 2020 का सीधा उल्लंघन है।

"ठेकेदारी के नाम पर भ्रष्टाचार का आरोप"

जयस ने ठेकेदारी प्रथा के नाम पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। संगठन का कहना है कि स्थानीय युवाओं को जानबूझकर बाहर रखकर ठेकेदारी के माध्यम से बाहरी लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है, जो प्रशासनिक मिलीभगत की ओर इशारा करता है।

"पाँचवीं अनुसूची की खुली अवहेलना"

संगठन ने कहा कि यह क्षेत्र संविधान की पाँचवीं अनुसूची के अंतर्गत आता है, जहां आदिवासियों की भूमि, रोजगार और आजीविका की रक्षा करना प्रशासन की संवैधानिक जिम्मेदारी है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका पालन नहीं हो रहा है।

जयस द्वारा कंपनी और प्रशासन को ज्ञापन के माध्यम से 7 दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो कंपनी के बाहर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन एवं प्रशासन की होगी।

"ये रहे उपस्थित"

इस मौके पर जयस की राष्ट्रीय प्रभारी सीमा वास्कले, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष राजू पटेल, राजपुर ब्लॉक अध्यक्ष रवि चौहान, जिला महासचिव कैलाश कनासे, मनोज मुजाल्दे, विजय गोरे, ओम जमरे, सुनील सोलंकी, ठिकरी ब्लॉक अध्यक्ष सुनील सिसोदिया, कार्यकारी राहुल वास्कले, पवन वास्कले, सुनील चौहान, सतीश डुडवे, एडवोकेट पातु मोरे, मुन्ना मोरे सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment