ट्रेलर की चपेट में आने से महिला की मौत, दो युवक घायल ट्रेलर चालक वाहन सहित फरार
संवाददाता – रविन्द्र कुमार मुर्मू,
मांडू (रामगढ़)। मांडू थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 पर काली मंदिर के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो युवक घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तोपा से हजारीबाग की ओर जा रही एक बाइक सामने खड़े वाहन को ओवरटेक करने के दौरान असंतुलित हो गई। इसी दौरान बाइक के पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर पड़ी। पीछे से आ रहे तेज़ रफ्तार ट्रेलर ने महिला को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
मृतक महिला की पहचान मीरा देवी के रूप में हुई है। बाइक पर उनके साथ दो युवक सवार थे, जिनमें एक उनके पति कुणाल राम (निवासी – तोपा, थाना कुज्जू) बताए जा रहे हैं, जबकि दूसरे युवक का नाम अशोक राम है। दोनों युवकों को हादसे में हल्की चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। मांडू थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।
