ठंड से राहत की पहल: गोविंद बेदिया ने सुदूर गांवों में गरीब, असहाय व बुजुर्गों के बीच बांटे कंबल
संवाददाता: अशोक मुंडा
रामगढ़ (झारखण्ड)
भीषण ठंड को देखते हुए समाजवादी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल प्रभारी गोविंद बेदिया द्वारा रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड के सुदूरवर्ती इलाकों में लगातार कंबल वितरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कंडेर पंचायत अंतर्गत ग्राम सिधवार में गरीब, असहाय एवं बुजुर्ग महिला-पुरुषों के बीच कंबलों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर गोविंद बेदिया ने कहा कि ठंड के मौसम में सबसे अधिक परेशानी गरीब और बुजुर्ग वर्ग को होती है। ऐसे में समाज के सक्षम लोगों और राजनीतिक प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि यह सेवा कार्य आगे भी जारी रहेगा, ताकि कोई भी जरूरतमंद ठंड से परेशान न रहे। कंबल वितरण से ग्रामीणों में राहत और संतोष का माहौल देखने को मिला। लोगों ने इस मानवीय पहल के लिए गोविंद बेदिया का आभार जताया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मनीर अंसारी, लालदेव बेदिया, उप मुखिया ललिता देवी, वार्ड सदस्य सुनील गंझू, खेमलाल महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे।
