पिकनिक मनाने गए अभिषेक पंवार की संदिग्ध मौत, तीन दिन बाद पोस्टमार्टम; परिजनों ने की हत्या की जांच की मांग
उदयनगर/देवास। इंदौर के शिवधाम कॉलोनी बिहाड़िया निवासी युवक अभिषेक पंवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि अभिषेक अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था, जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद दोस्तों ने न तो पुलिस थाने में सूचना दी और न ही परिवार को इसकी जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार जब अभिषेक अपने घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसके दोस्तों से संपर्क किया। इसके बाद दोस्तों ने घटना की जानकारी परिवार को दी। मामले को लेकर परिजनों में आक्रोश है और उन्होंने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।
घटना के तीन दिन बाद मंगलवार को अभिषेक पंवार के शव को पोस्टमार्टम के लिए देवास जिले के उदयनगर थाना क्षेत्र लाया गया। इस दौरान परिजनों एवं समाज के लोगों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर हत्या के एंगल से भी जांच किए जाने की मांग की।
इस अवसर पर अखिल भारतीय सर्व समाज समरसता संगठन के संस्थापक लक्ष्मण खेड़े सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इनमें रोहित पिपले, लक्ष्मण सिटोले, सलकराम बंसल, लखन जाधव, कुणाल, रोहित बानखेड़े, रोहित देवड़ा, राजाराम रजक, संदीप ओसले (लालू), जगदीश, प्रवीन एवं संतोष सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

