HEADLINE
Dark Mode
Large text article
📢 अपने बिज़नेस को 20,000+ विजिटर्स तक पहुँचाएं! द ट्राइबल पोस्ट – आपके ग्रोथ का भरोसेमंद साथी
📞 कॉल करें: 7697767059

वन मंडल सेंधवा द्वारा खड़क्या में अनुभूति शिविर का आयोजन अनुभूति वर्ष 2025–26 की थीम ‘हम हैं धरती के दूत’ पर बच्चों को किया गया जागरूक

प्रदेश संवाददाता: गेंदालाल माकोडे़

सेंधवा/बड़वानी। वन मंडल सेंधवा (सामान्य) अंतर्गत वन परिक्षेत्र सेंधवा में प्रथम चरण के तहत अनुभूति शिविर का आयोजन 19 जनवरी, सोमवार को खड़क्या नर्सरी, ग्राम पंचायत खड़क्या में किया गया। शिविर का आयोजन वनमंडल अधिकारी सेंधवा आई.एस. गाडरिया के निर्देशन एवं उपवनमंडल अधिकारी ओ.पी. बिडारे के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जामली से 80 छात्राएं, 41 छात्र एवं 10 शिक्षक-शिक्षिकाएं प्राचार्य सहित सम्मिलित हुए। शिविर में पधारे अतिथियों का स्वागत वन स्टाफ द्वारा फूलों की वर्षा कर किया गया। इसके पश्चात सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आयुर्वेदिक किट, टोपी एवं कपड़े की थैली भेंट की गई। वनमंडल अधिकारी श्री गाडरिया द्वारा सभी को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। अनुभूति प्रेरकों एवं वन अधिकारियों द्वारा अनुभूति वर्ष 2025–26 की थीम ‘हम हैं धरती के दूत’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वन, वन्य जीव एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला गया। अनुभूति प्रकृति पथ भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न वृक्षों की पहचान कराई गई तथा वन्य जीव, वन, पहाड़ों एवं नदियों के संरक्षण की आवश्यकता समझाई गई। मिशन लाइफ के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण विषय पर खेल-खेल में शिक्षण किया गया, जिसमें खाद्य श्रृंखला, जल-जंगल की पुकार, वन अपराध, सांप-सीढ़ी, ‘मैं कौन हूं’ जैसे रोचक खेलों के माध्यम से बच्चों को जागरूक किया गया।शिविर के दौरान वन विभाग में शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया एवं आवश्यक शैक्षणिक योग्यता की जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एक पंक्ति में खड़ा कर पदक्रम का परिचय भी कराया गया। इसके अलावा प्रश्नोत्तरी (क्विज) एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को वनमंडल अधिकारी  गाडरिया द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में “मैं भी बाघ”, “हम हैं बदलाव” और “हम हैं धरती के दूत” विषयों पर संवाद किया गया। साथ ही बिना सिलाई के कपड़े की थैली बनाना भी सिखाया गया।इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी, एकलव्य विद्यालय के प्राचार्य  अजीत सिंह एवं अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं, जिन्होंने विद्यार्थियों को अपने अमूल्य विचारों से प्रेरित करते हुए पर्यावरण संरक्षण के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। शिविर में वन विभाग से धर्मेन्द्र मुजाल्दे (प.स. सेंधवा), वनपाल रूखमणी मंडलोई एवं अजय कुमार कुशवाह, वनरक्षक बसील गणावा, छोटू बैगा, दीपक पटेल, नितेश भालसे, ललित पाटीदार, वाहन चालक फिरोज उर्फ बब्बू, आकाश सेनानी एवं वन सुरक्षा श्रमिक उपस्थित रहे।उल्लेखनीय है कि इसी स्थल पर दिनांक 30 दिसंबर 2025 को शासकीय कन्या शिक्षा परिसर मडगांव की छात्राओं के लिए भी अनुभूति कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी वन परिक्षेत्र अधिकारी मोहन सिंह मंडलोई ने किया एवं आभार प्रदर्शन उपवनमंडल अधिकारी ओ.पी. बिडारे द्वारा किया गया।

Post a Comment