दयाल स्टील फैक्ट्री लूटकांड का खुलासा 6 संलिप्त अपराधकर्मी गिरफ्तार, हथियार व लूटा गया सामान बरामद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल
संवाददाता – अशोक मुंडा, रामगढ़, झारखण्ड। रामगढ़ समाहरणालय स्थित चाहा क्षेत्र की दयाल स्टील फैक्ट्री में हुई लूटपाट की घटना का रामगढ़ पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए कांड में संलिप्त 6 अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने इनके पास से हथियार, नकद राशि एवं लूटे गए सामान भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, बीते दिनों दयाल स्टील फैक्ट्री की चाहरदिवारी तोड़कर 10–12 अज्ञात अपराधकर्मियों ने फैक्ट्री में घुसकर सुरक्षा प्रहरी व अन्य कर्मियों को पिस्टल का भय दिखाकर बंधक बना लिया था। इसके बाद अपराधियों ने लगभग 2000–2200 किलोग्राम कॉपर वायर सहित अन्य कीमती सामान लूट लिया और चार पहिया वाहन में लोड कर फरार हो गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य एवं अन्य इनपुट के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल अपराधकर्मी एनएच-23 के बारलौंग–छतरमाण्डु क्षेत्र से होकर पुनः कुज्जू में लूटपाट की योजना बना रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए SIT द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की एक बोलेरो वाहन को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक द्वारा भागने का प्रयास किया गया। पुलिस ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया।वाहन में सवार व्यक्तियों की पहचान इस प्रकार हुई— अख्तर अली, पिता – इरशाद अंसारी, साडम, थाना गोमिया, जिला बोकारो,सन्नी कुमार, पिता – राजकुमार रविदास, स्वांग पुराना माइंस क्वार्टर, थाना गोमिया, जिला बोकारो, रणधीर कुमार, पिता – नवलेश कसेरा, विष्णुगढ़ कसेरा मोहल्ला, थाना विष्णुगढ़, जिला हजारीबाग, नागेश्वर बेलदार उर्फ हनी, पिता – भानु चौहार, स्वांग महावीर स्थान, थाना गोमिया, जिला बोकारो,पंकज कुमार, पिता – कार्तिक यादव, तेनुघाट 01 नंबर, थाना पेटरवार, जिला बोकारो, गौरी कुमार, पिता – रामबाबु, स्टेशन रोड गोमिया, थाना गोमिया, जिला बोकारो, तलाशी के दौरान गौरी कुमार के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा गोली एवं ₹1,03,000 नकद बरामद किए गए। पूछताछ में नकद राशि को दयाल स्टील फैक्ट्री से लूटे गए सामान को बेचकर प्राप्त करना स्वीकार किया गया। बरामद हथियार एवं वाहन के संबंध में कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए गए।गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हजारीबाग जिले के ईचाक थाना अंतर्गत करियातपुर निवासी मुकेश कसेरा के घर से लूटे गए कॉपर वायर एवं अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
