HEADLINE
Dark Mode
Large text article
📢 अपने बिज़नेस को 20,000+ विजिटर्स तक पहुँचाएं! द ट्राइबल पोस्ट – आपके ग्रोथ का भरोसेमंद साथी
📞 कॉल करें: 7697767059

सरकारी जमीन पर अवैध खनिज कारोबार का भंडाफोड़, 40 टन मैंगनीज जब्त; आरोपी फरार

संवाददाता सिंहराय चम्पीया..

बड़बिल/ केन्दुझर : बड़बिल क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर खनिजों के अवैध कारोबार का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस, वन विभाग और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने उत्तम सिंह हाटिंग स्थित एक अवैध डंपिंग यार्ड पर छापेमारी कर करीब 40 मीट्रिक टन अवैध मैंगनीज जब्त किया है। जब्त खनिज की कीमत 8 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस मामले में मुख्य आरोपी रंजन तांती फरार बताया जा रहा है।


सोमवार को बड़बिल थाना क्षेत्र के उत्तम सिंह हाटिंग में अतिरिक्त तहसीलदार एवं मजिस्ट्रेट भुवनानंद नायक की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान खनिज परिवहन में इस्तेमाल होने वाले एक लोडर, एक हाईवा और एक पिकअप वाहन को भी जब्त किया गया।


बड़बिल के रेंजर संजीव राउत ने बताया कि संरक्षित वन क्षेत्रों से अवैध रूप से मैंगनीज का उत्खनन कर उसे इस डंपिंग यार्ड में जमा किया जाता था और बाद में चोरी-छिपे बाहर भेज दिया जाता था। छापेमारी की भनक लगते ही रंजन तांती समेत इस कारोबार से जुड़े अन्य लोग मौके से फरार हो गए।

सूत्रों के अनुसार, रंजन तांती लंबे समय से सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध रूप से लौह अयस्क और मैंगनीज के कारोबार में संलिप्त था। वर्ष 2024 में भी लौह अयस्क से लदे दो हाईवा वाहनों का माल रास्ते से हटाकर इसी अवैध डंपिंग यार्ड में खाली कर दिए जाने का मामला सामने आया था। उस घटना के बाद भी उसके अवैध कारोबार को लेकर कई सवाल उठे थे।

ताजा कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध मैंगनीज की बरामदगी के बाद यह सवाल उठने लगा है कि शहर के बीचोंबीच इतने लंबे समय तक यह अवैध कारोबार आखिर कैसे चलता रहा और संबंधित विभागों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। आरोप है कि धोबी हाटिंग, चटेई हाटिंग और ठाकुरानी क्षेत्र में भी सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध खनिज कारोबार किया जाता रहा है।

वन विभाग ने रंजन तांती के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के मामले में आवश्यक कदम उठाने के लिए तहसीलदार को पत्र लिखने की बात कही है। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment