भगवान बिरसा मुंडा के 126वें शहादत दिवस पर बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित, वैचारिक मंथन के साथ दी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर वैचारिक मंथन का आयोजन किया गया तथा आकाश संगठन द्वारा विद्यालय के बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। साथ ही उच्च शिक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले स्थानीय छात्र राजू अलावे (पिता सुरसिंह अलावे) का सम्मान भी किया गया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए राज्य कर्मचारी संघ ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. रोहित ठाकुर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल आदिवासी समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के महान जननायक, समाज सुधारक एवं स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत थे। उन्होंने अंग्रेजी शासन, शोषण, अन्याय एवं जमींदारी व्यवस्था के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंका तथा आदिवासी समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और संगठित किया। उनके नेतृत्व में हुए ‘उलगुलान’ (महाविद्रोह) ने अंग्रेजी शासन की नींव हिला दी थी।
आकाश जिला सचिव पदमसिंह जमरे ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने आदिवासियों की पारंपरिक भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों का विरोध करते हुए किसानों एवं आदिवासियों को अपनी संस्कृति, पहचान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित किया। उनका प्रसिद्ध नारा “अबुआ दिसुम, अबुआ राज” आज भी स्वाभिमान और आत्मनिर्णय का प्रतीक बना हुआ है।
वरिष्ठ समाजसेवी जगनसिंह डुडवे ने कहा कि समाज में व्याप्त अंधविश्वास, नशाखोरी एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जनजागरण अभियान चलाने की आवश्यकता है। उन्होंने स्वच्छता, शिक्षा, नैतिक जीवन, सामाजिक एकता एवं आत्मसम्मान पर विशेष बल देते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का आत्मनिर्भरता, संघर्षशीलता और अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने तथा जल, जंगल, जमीन, संस्कृति एवं सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर आकाश ब्लॉक कसरावद अध्यक्ष नानसिंह मण्डलोई ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात स्वल्पाहार का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित:
बड़गांव सरपंच कृष्णा भूरिया, जयस मीडिया प्रभारी सोमल चौहान, कृष्णा वास्कले, सर्व आदिवासी समाज अध्यक्ष रंजीत सिंह मण्डलोई, आकाश जिला कार्यकारी अध्यक्ष उमेश ठाकुर, राज गांगले, कृष्णा मण्डलोई, राम अलावे, सरदार चौहान, जयपाल जमरे, रमेश वास्कले, राजू अलावे, सुरसिंह अलावे, जितेंद्र डुडवे, बल्लू डुडवे, दरबार मुजाल्दे, मथुरालाल पवार, अनिल बडोले, रविंद्र मुजाल्दे सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


