लेडगाँव के युवाओं ने विकास कार्यों को लेकर सरपंच को सौंपा 12 सूत्रीय मांगपत्र
युवाओं ने अपने आवेदन में बताया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में कई आवश्यक विकास कार्य अधूरे पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने घर-घर नल जल आपूर्ति की व्यवस्था, नियमित साफ-सफाई, पंचायत कार्यालय का निर्धारित समय पर संचालन, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, युवाओं के लिए खेल मैदान और श्मशान घाट पर आवश्यक सुविधाओं की मांग की है।
मांगपत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या और सड़कों की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। युवाओं ने पंचायत क्षेत्र की सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत, वर्षा पूर्व नालों की सफाई तथा नियमित कीटनाशक छिड़काव की मांग भी रखी है।
इसके अलावा युवाओं ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक माह शिविर आयोजित करने, ग्राम सभा की नियमित सूचना देने तथा युवाओं को विकास कार्यों में सहभागी बनाने का सुझाव भी दिया है।
युवा प्रतिनिधियों का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का विरोध नहीं, बल्कि पंचायत के साथ मिलकर गाँव के विकास में सहयोग करना है। उनका मानना है कि पंचायत और युवाओं के संयुक्त प्रयासों से ही गाँव में विकास कार्यों को गति मिल सकती है।
मांगपत्र पर 15 से अधिक युवाओं के हस्ताक्षर हैं। अब ग्रामीणों की निगाहें पंचायत प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
प्रमुख मांगें -
हर घर नल जल योजना का प्रभावी क्रियान्वयन एवं नियमित सफाई व्यवस्था।
युवाओं के लिए खेल मैदान का निर्माण।
पंचायत क्षेत्र में नियमित स्ट्रीट लाइट व्यवस्था।
श्मशान घाट पर बैठने एवं छाया की सुविधा।
वर्षा पूर्व नालों की सफाई एवं कीटनाशक छिड़काव।
शासन की योजनाओं की जानकारी हेतु मासिक शिविर का आयोजन।
ग्राम सभा की नियमित सूचना एवं आयोजन।
पंचायत कार्यालय का निर्धारित समय पर संचालन।


