मांडू प्रखंड में भूमि माफियाओं के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन, शीघ्र कार्रवाई की मांग
संवाददाता – रविन्द्र कुमार मुर्मू
मांडू / रामगढ़ (झारखंड)
मांडू प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में सोमवार को भूमि माफियाओं और कथित प्रशासनिक दलालों के खिलाफ स्थानीय लोगों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मौजा कुज्जु, अंचल मांडू के खाता संख्या 35, प्लॉट संख्या 1944, कुल रकबा 8.5 डी भूमि में से 4.89 डी जमीन पर भूमाफियाओं ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। उनका कहना है कि इस पूरे प्रकरण में कुछ दलालों की मिलीभगत भी शामिल है। धरना दे रहे लोगों ने अंचल अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि संबंधित जमीन की अतिशीघ्र नापी एवं जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जिस भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है, उसे मुक्त कर वास्तविक एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को उपलब्ध कराया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि न्याय न मिलने की स्थिति में वे आत्मदाह जैसे कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
क्षेत्र में भूमि माफियाओं के बढ़ते प्रभाव और आम लोगों की जमीन पर हो रहे कथित अतिक्रमण के खिलाफ यह विरोध प्रदर्शन एक बड़ा संदेश माना जा रहा है।
