सड़क निर्माण में भारी अनियमितताएँ: विधायक दोगने ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग
हरदा। हरदा जिले में लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गए हैं। क्षेत्रवासियों की शिकायतों और स्वयं द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के आधार पर हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने तीन प्रमुख मार्गों पर गंभीर गुणवत्ता व तकनीकी खामियों का आरोप लगाते हुए तत्काल उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
विधायक ने बताया कि ग्राम बालागांव–सिन्धखेड़ा, सोनतलाई–पांचतालाई तथा अबगांवकला बड़ी नहर–पोखरनी बड़ी नहर मार्गों के निर्माण में भारी अनियमितताएँ सामने आई हैं। उनके अनुसार लगभग 10 से 15 किलोमीटर लंबाई के इन मार्गों पर निर्माण पूर्ण होने के कुछ ही समय बाद
गड्ढे उभर आए, सड़क की सतह फट गई, तथा डामर हाथों से आसानी से उखड़ने लगा।
विधायक दोगने ने कहा कि यह स्थिति स्पष्ट करती है कि निर्माण के दौरान घटिया सामग्री, गलत मिक्स डिज़ाइन तथा तकनीकी निगरानी के अभाव का मामला सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदारों को मनमानी की खुली छूट दी गई और विभागीय अधिकारियों ने आवश्यक नियंत्रण नहीं रखा, जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ और नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ किया गया। इस संबंध में विधायक ने प्रमुख सचिव, प्रमुख अभियंता (लोक निर्माण विभाग), हरदा कलेक्टर और कार्यपालन यंत्री को पत्र प्रेषित कर तीनों मार्गों की स्वतंत्र, उच्चस्तरीय तकनीकी/गुणवत्ता जांच कराने की मांग की है। उन्होंने मिक्स डिज़ाइन, ट्यूब टेस्ट व अन्य सभी गुणवत्ता परीक्षणों की प्रमाणित रिपोर्ट सार्वजनिक करने का आग्रह किया है। विधायक दोगने ने मांग की है कि जांच पूर्ण होने तक संबंधित ठेकेदारों का भुगतान तत्काल रोका जाए तथा दोष सिद्ध होने पर उनके विरुद्ध वसूली और ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई की जाए। साथ ही दोषपूर्ण निर्माण को हटाकर पुनः मानकों के अनुरूप निर्माण कराने की भी मांग रखी है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो वे जनहित में धरना-आंदोलन करने को विवश होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
