ठेका कंपनी की मनमानी के खिलाफ मजदूरों का प्रदर्शन, सेल प्रशासन को सौंपा मांग पत्र
संवाददाता सिंहराय चाम्पीया...
बोलानी/केन्दुझर : केन्दुझर जिले के बड़बिल तहसील क्षेत्र अंतर्गत स्थित सेल बोलानी लौह अयस्क खदान में कार्यरत ठेका कंपनी की कथित मनमानी के विरोध में बोलानी ठेका मजदूर संघ के बैनर तले सैकड़ों मजदूरों ने बुधवार को सेल मुख्य गेट के निकट प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मजदूरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सेल प्रशासन को एक मांग पत्र भी सौंपा।
बोलानी ठेका मजदूर संघ के नेता कमलापति यादव ने आरोप लगाया कि खदान में कार्यरत ठेका कंपनियों को पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इसके चलते ठेकेदार कामकाज प्रभावित होने का हवाला देकर श्रमिकों को जबरन अनुपस्थित कर रहे हैं, जिससे मजदूरों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है।
उन्होंने कहा कि यदि ठेका कंपनियों को समय पर डीजल उपलब्ध नहीं हो रहा है, तो इसमें श्रमिकों की कोई गलती नहीं है। इसके बावजूद मजदूरों को कार्य से वंचित कर उनकी मजदूरी काटी जा रही है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।
मजदूर संघ ने सेल प्रशासन से मांग की कि डीजल आपूर्ति की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए तथा किसी भी श्रमिक को बिना उसकी गलती के अनुपस्थित नहीं किया जाए। साथ ही प्रभावित मजदूरों के हितों की रक्षा करते हुए ठेका कंपनियों की कार्यप्रणाली की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।
इस दौरान धरना-प्रदर्शन स्थल पर बोलानी ठेका मजदूर संघ के सैकड़ों श्रमिक उपस्थित रहे और मजदूर हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की। मजदूरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


